उत्तराखंड कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का ऐलान: 9 माह से फंसा पेंच हटा, जानें किस गुट को मिली जगह

ख़बर शेयर करें

देहरादून। लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपनी उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी का औपचारिक ऐलान कर दिया है। गुरुवार देर रात पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की टीम में 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिव बनाए गए हैं।

नवनियुक्त कार्यकारिणी में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत पार्टी के 41 वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यकारी समिति में शामिल किया गया है। वहीं गोदावरी थापली को पार्टी कोषाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में गणेश गोदियाल की ताजपोशी के नौ महीने बाद इस कार्यकारिणी का गठन हो सका है।

यह भी पढ़ें -  नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी: 25 हजार तक सैलरी पर PF कटौती अनिवार्य, जानें क्या पड़ेगा असर

गणेश गोदियाल शुरुआत में सीमित सदस्यों वाली छोटी कार्यकारिणी का दावा कर रहे थे, लेकिन गुटीय खींचतान और स्थानीय नेताओं की असहमति के कारण सूची में अंतिम समय तक बदलाव होते रहे। आखिरकार हाईकमान को बड़ी कार्यकारिणी की घोषणा करनी पड़ी।

चुनावी तैयारियों को देखते हुए कार्यकारिणी के साथ चार प्रमुख समितियों का भी गठन किया गया है। भुवन कापड़ी को घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष, विक्रम सिंह नेगी को अनुशासन समिति, करण माहरा को आरोप पत्र समिति और मनोज रावत को एसआईआर समिति की कमान सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें -  'PM के जन्मदिन पर जनता को दिया यह तोहफा': UPI अतिरिक्त चार्ज पर गोदियाल का तीखा तंज

कार्यकारिणी में पार्टी हाईकमान ने गुटीय संतुलन साधने की पूरी कोशिश की है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के समर्थकों को पर्याप्त जगह दी गई है। विजय सारस्वत, धीरेंद्र प्रताप, सूर्यकांत धस्माना और नवीन जोशी जैसे वरिष्ठ नेता अपनी स्थिति मजबूत रखने में सफल रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 1320 MW पावर डील पर भाजपा ने कांग्रेस को दिखाया आइना,भट्ट ने कहा-"महंगे बिजली समझौते करने वाले न बांटें ज्ञान"

संगठनात्मक फेरबदल के तहत पूर्व विधायक संजीव आर्य का कद बढ़ाते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रभारी एआईसीसी सचिव नियुक्त किया गया है। चुनाव लड़ने के बजाय संगठन में काम करने की इच्छा जताने वाले संजीव आर्य को यूपी की यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।