खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित 14वें दीपावली मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए राज्य भर में 23 नए छठ पूजा घाटों के निर्माण का बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन सेवा और संस्कारों के जरिए समाज को एकजुट करने और सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उधम सिंह नगर जिले के 8 प्रमुख कस्बों में 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा की। इनमें काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा शामिल हैं। तराई क्षेत्र में बड़ी संख्या में रहने वाले छठ व्रतियों को अब पर्व के दौरान अर्घ्य देने के लिए उपयुक्त और सुरक्षित स्थान मिल सकेगा।

उधम सिंह नगर के अलावा देहरादून और चंपावत जिलों में भी विशेष छठ घाट तैयार किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के तट पर, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना तट पर और चंपावत जिले के बनबसा में नए घाट बनाए जाएंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर हिस्से में श्रद्धालु पूरी आस्था और सुविधा के साथ छठ पूजा मना सकें।

संबोधन के दौरान सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बाबा केदारनाथ की नगरी का भव्य पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। केदारखंड की तर्ज पर ही अब ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के तहत कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों को संवारा जा रहा है।

प्रदेश में चल रहे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और बनबसा में मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का काम लगभग ₹3,000 करोड़ की लागत से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा भारतीय संस्कृति, दर्शन और सनातन इतिहास के गहन शोध को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडी’ की शुरुआत की गई है।
इस समारोह में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

