उत्तराखंड शासन ने 11 नवंबर को भाईदूज के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे आदेश को पूरी तरह फर्जी और कूटरचित बताया है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार ने इस भ्रामक खबर का प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से तुरंत खंडन जारी करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
शासन की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 11 नवंबर को छुट्टी का कोई भी सरकारी आदेश जारी नहीं किया गया है। छानबीन में सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने 19 अक्टूबर को महानवमी अवकाश के लिए जारी अधिसूचना में फर्जीवाड़ा कर 11 नवंबर की तारीख लिख दी और उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव राजेंद्र कुमार ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि प्रमुख समाचार पत्रों और टीवी चैनलों के जरिए इसका व्यापक खंडन प्रकाशित कराया जाए। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता और कर्मचारियों के बीच फैले भ्रम को तुरंत समाप्त करना है।
उत्तराखंड सरकार ने फर्जी आदेश तैयार करने और उसे सार्वजनिक रूप से फैलाकर भ्रम पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करने वाले अज्ञात आरोपी के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर तैर रहे किसी भी अनाधिकृत पत्र पर भरोसा न करें। किसी भी छुट्टी या आदेश की पुष्टि केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल या सूचना विभाग के माध्यम से ही करें। 11 नवंबर को सभी सरकारी कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।

