देहरादून: सुसवा नदी किनारे मिला 2 दिन से लापता इलेक्ट्रिशियन का शव, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नोका-दूधली रोड पर सोमवार को सुसवा नदी किनारे जंगल में 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान क्लेमेनटाउन निवासी एरिक जॉन के रूप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन थे और सात नवंबर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। घटना की सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड स्थापना दिवस: CM ने देहरादून शहीद स्मारक पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, समृद्ध राज्य का लिया संकल्प

पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह नोका-दूधली मार्ग पर राजपूताना फार्म से आगे सड़क किनारे जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर व्यक्ति दाहिनी करवट पड़ा हुआ मिला, जिसके बाद आसपास के लोगों को बुलाकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की गई।

यह भी पढ़ें -  हरीश रावत की सीएम धामी से मांग: आय से अधिक संपत्ति मामले में घिरे दो नेताओं को करें बर्खास्त

आसपास के लोगों की मदद से मृतक की पहचान छोटा भारूवाला (ओस्ले लेन, क्लेमेनटाउन) निवासी एरिक जॉन (पुत्र जॉन शेरी) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि एरिक सात नवंबर को काम के सिलसिले में घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजन दो दिनों से उनकी खोजबीन कर रहे थे। सोमवार को शव बरामद होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

यह भी पढ़ें -  गंगोत्री धाम: कल बंद होंगे गंगोत्री धाम के कपाट, मुखवा के लिए रवाना होगी मां गंगा की उत्सव डोली

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शुरुआती पुलिस जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह की जाहिरा चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत की वजह को लेकर सस्पेंस गहरा गया है। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है और एरिक जॉन की आखिरी गतिविधियों की गहनता से जांच कर रही है।