देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आय से अधिक संपत्ति के मामलों में घिरे दो कैबिनेट मंत्रियों गणेश जोशी और रेखा आर्य को तुरंत मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग की है। रविवार को अपने दो दिवसीय भ्रमण के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यह तीखा हमला बोला। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है और सरकार पर नैतिक दबाव काफी बढ़ गया है।
हरीश रावत ने कहा कि भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के गंभीर आरोपों से घिरे दोनों मंत्रियों गणेश जोशी और रेखा आर्य को पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासनिक सुचिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री धामी को इन दोनों मंत्रियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर देना चाहिए।
अंकिता हत्याकांड पर बोलते हुए हरीश रावत ने कहा कि यदि इस मामले की सीबीआई जांच की आंतरिक रिपोर्ट उजागर कर दी जाए, तो वर्तमान सत्ता की निर्लज्जता जनता के सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड में वीआईपी का नाम सामने आने की चर्चा बेहद गंभीर है और इससे जनमानस उद्वेलित है। जांच रिपोर्ट को अब तक सार्वजनिक न किया जाना पूरे मामले को संदेह के घेरे में खड़ा करता है।
पिथौरागढ़ के स्थानीय विकास पर सवाल उठाते हुए रावत ने कहा कि भाजपा जिस बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का डंका पीटती है, वहां कक्षाओं और फैकल्टी की वास्तविक स्थिति कुछ और ही है। इसके अलावा पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स कॉलेज को देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की तर्ज पर विकसित होना था, लेकिन वह केवल नाम का बनकर रह गया है।
हाल ही में 22 साल बाद फिर से चर्चा में आए जेनी प्रकरण पर हरीश रावत ने कहा कि वह इस पर अधिक टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन चुनाव के समय इसे दोबारा सामने लाया जाना सोचनीय है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर फुदक रही है, लेकिन उसे याद रखना चाहिए कि हरक सिंह रावत लंबे समय तक भाजपा सरकार में मंत्री रहे हैं और तब भाजपा को इस प्रकरण की सुध नहीं आई थी।

