खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा दौरे के दौरान लोहियाहेड हेलीपैड पर स्थानीय आम जनता और जनप्रतिनिधियों के भारी जमावड़े के बीच एक-एक कर लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। जनता की तकलीफों को गंभीरता से लेते हुए सीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को मामलों के त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि आम आदमी की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और प्रशासन की जवाबदेही ही राज्य के विकास की धुरी है।
सरकार की कार्यशैली को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा प्रशासनिक तंत्र ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र पर काम कर रहा है। जनता को अपनी छोटी-छोटी शिकायतों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, यह सुनिश्चित करना हर अधिकारी की पहली जिम्मेदारी है।
हेलीपैड परिसर में ही मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक अनौपचारिक बैठक भी की। इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और नागरिकों की बुनियादी जरूरतों से जुड़े नए प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए सुविधाओं को और बेहतर करने का संकल्प दोहराया गया।

