Haridwar: 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, फिर बेरहमी से पीट झाड़ियों में फेंका; केस दर्ज

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार स्थित रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और उसकी नृशंसता से हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिडकुल क्षेत्र में मजदूरी करने वाले पीड़ित पिता के अनुसार, उनकी बेटी बीते 3 अगस्त को अपनी सहेली के घर किताब लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद रानीपुर कोतवाली पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि किशोरी गंभीर अवस्था में मिली है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: उपनल कर्मियों को समान वेतन के लिए नहीं देनी होगी परीक्षा, आदेश निरस्त

एम्स ऋषिकेश में होश में आने के बाद पीड़िता ने अपनी आपबीती बताई। आरोप है कि बिजनौर निवासी और हाल सिडकुल (ब्रह्मपुरी) में रहने वाला शेखर पुत्र यशपाल उसे बहला-फुसलाकर ले गया था। इसके बाद उसने किशोरी को नशीला पदार्थ पिलाया और भेल क्षेत्र की झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: पर्वतीय रूटों पर 1 सितंबर से चलेंगी GMOU बसें, देखें टाइमटेबल

आरोपी ने दरिंदगी के दौरान किशोरी पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसके सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। रानीपुर के प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ें -  ढाई साल बाद उत्तराखंड दौरे पर मल्लिकार्जुन खड़गे: 8 अगस्त को महारैली से होगा कांग्रेस का चुनावी शंखनाद

उधर, हरिद्वार के ही पथरी थाना क्षेत्र में एक अन्य मामला दर्ज किया गया है। यहाँ एक नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़, सोशल मीडिया पर फोटो डालने और घर में घुसकर जबरन ले जाने की कोशिश का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पथरी थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad