हरिद्वार: मशीनें गायब, सुरक्षा नदारद, भगवानपुर के स्क्रैपिंग सेंटर पर आरटीओ ने जड़ा ताला

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में संचालित एक वाहन स्क्रैपिंग सेंटर में औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर खामियां सामने आने पर आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने सेंटर को सील कर दिया। जांच में मशीनों के गायब मिलने, मौजूद मशीनों के महीनों से बंद पड़े होने और पर्यावरण व जनसुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई का सीधा असर भगवानपुर के सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित आर.ए.जी. इंजन्स प्राइवेट लिमिटेड वाहन स्क्रैपिंग सेंटर के संचालन पर पड़ा है, जिसे बंद करा दिया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तरकाशी अग्निकांड: पवाणी गांव में पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे सीएम धामी, 5-5 लाख रुपए की आर्थिक मदद का किया ऐलान

आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी के नेतृत्व में पहुंची परिवहन विभाग की टीम ने सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित आर.ए.जी. इंजन्स प्राइवेट लिमिटेड स्क्रैपिंग सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सेंटर में मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित कर्मचारियों का विवरण और जरूरी अभिलेख नहीं मिले। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि तेल, ईंधन, बैटरी और एसी गैस जैसे हानिकारक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा वाहन लिफ्ट बंद पड़ी थी और अग्निशमन तथा अन्य सुरक्षा इंतजाम भी नदारद मिले।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पेश किया भाजपा का रिपोर्ट कार्ड, 36 हजार नौकरी से लेकर UCC तक रखे सभी आंकड़े

परिवहन विभाग की टीम को सेंटर परिसर में टूटे शीशे और स्क्रैप बिखरा हुआ मिला। निरीक्षण के दौरान जब टीम ने कर्मचारियों से संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े सवाल पूछे, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। गंभीर अनियमितताओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए सेंटर का संचालन बंद कराकर उसे सील कर दिया गया। आरटीओ प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों के बिना संचालन जारी नहीं रखा जा सकता।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: काबिल अफसरों में शुमार डॉ. आर. राजेश कुमार का बढ़ा कद, खनन महकमे का मिला जिम्मा

सेंटर को सील करने के साथ ही आरटीओ प्रशासन ने अन्य स्क्रैपिंग सेंटरों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। एआरटीओ हरिद्वार और रुड़की को एक सप्ताह के भीतर अन्य स्क्रैपिंग सेंटरों का निरीक्षण करने को कहा गया है। विभागीय निर्देशों के तहत एआरटीओ हरिद्वार और रुड़की निर्धारित एक सप्ताह की समयसीमा में अन्य केंद्रों की जांच कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। भगवानपुर के सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित सेंटर को सील करने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है।