देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 9 नवंबर को प्रदेशभर में शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों को याद किया गया। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल देहरादून स्थित शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राज्य के मौजूदा हालातों और सरकार की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाते हुए गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का संकल्प दोहराया।
शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड आज भी शहीदों और जनता के सपनों के अनुरूप नहीं बन पाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य को उसके वास्तविक लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए सिर्फ जुबानी जमाखर्च नहीं, बल्कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है।
प्रदेश के मुख्य मुद्दों को उठाते हुए गोदियाल ने कहा कि स्थायी राजधानी का निर्धारण, हर युवा को रोजगार और बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना सबसे जरूरी प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं द्वारा अपने निजी हितों के लिए किए गए समझौतों ने राज्य के स्वाभिमान को गहरी ठेस पहुंचाई है।
प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों और कुकर्मों को छिपाने के लिए गलत हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस की यह बड़ी जिम्मेदारी है कि वह सरकार की असलियत को घर-घर तक पहुंचाए और जनता को सच्चाई से अवगत कराए।
अपने संबोधन के अंत में गणेश गोदियाल ने जनता के सामने पार्टी का संकल्प दोहराते हुए ऐलान किया कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला, तो उत्तराखंड में शहीदों की आकांक्षाओं के अनुरूप गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास के सही रास्ते पर ले जाने के लिए कांग्रेस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

