देहरादून। त्योहारी सीजन में पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए आरटीओ प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। आरटीओ प्रशासन ने अपने सभी प्रवर्तन दलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं ताकि लंबी छुट्टियों के दौरान सफर करने वाले यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
पहाड़ी रास्तों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए आरटीओ प्रशासन रोडवेज, निजी बस संचालकों और टैक्सी यूनियनों के साथ समन्वय स्थापित कर वाहनों का सुगम संचालन सुनिश्चित करेगा। यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए जरूरत पड़ने पर विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन भी कराया जाएगा।
सफर को सुरक्षित बनाने के लिए आरटीओ टीमों को विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। वाहनों में तय क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर पाबंदी रहेगी। इसके साथ ही, चालकों की ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच के लिए सभी प्रवर्तन टीमों को अल्कोमीटर दिए गए हैं, जिससे मौके पर ही जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह सख्त चेकिंग अभियान सिर्फ त्योहार से पहले तक सीमित नहीं रहेगा। छुट्टियां खत्म होने के बाद जब यात्री वापस लौटने लगेंगे, उस दौरान भी भीड़भाड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए टीमों की मुस्तैदी और निगरानी लगातार जारी रहेगी।

