देहरादून: राजधानी में देर रात लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी, जब बदमाशों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए न सिर्फ उससे लूटपाट की बल्कि उसे गोली मारकर फरार हो गए। मामला थाना प्रेमनगर क्षेत्र का है, जहां 29/30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना हुई है और उसे गोली मारी गई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर घायल अवस्था में मिले व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। घायल ने पुलिस को जानकारी दी कि कुछ अज्ञात बदमाश काले रंग की गुजरात नंबर की कार में आए और तमंचे की नोक पर उससे लूटपाट की। बदमाशों ने उसके नीले रंग के बैग में रखे करीब दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य दस्तावेज छीन लिए और गोली मारकर विश्रांति की ओर फरार हो गए।
घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसका पीछा किया गया। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक गोली थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को लग गई, जिससे वह घायल हो गए। वहीं जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को भी गोली लगी, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।
घटना के बाद घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थाना प्रभारी को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर ले जाया गया, जहां से तीनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन चिकित्सालय लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और एसपी सिटी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूरे जनपद में तत्काल नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। सभी बॉर्डर क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के जंगलों में लगातार कॉम्बिंग की जा रही है। घटना के संबंध में आवश्यक पूछताछ और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस मुठभेड़ और लूट की घटना ने एक बार फिर राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

