उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालयों को आदर्श संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कोटद्वार स्थित केंद्रीय विद्यालय की प्रबंधन समिति की बैठक में व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों, संसाधनों और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने छात्रों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं को जाना तथा उन्हें खेल, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने, स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर व प्रिंटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी कैमरे, डेस्क और इनवर्टर की मांग पर जिलाधिकारी ने आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही बच्चों के लिए प्ले एरिया और चिल्ड्रन पार्क विकसित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को गोद लेकर उनकी शिक्षा में सहयोग देने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता और सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभागों का समन्वय आवश्यक है।

