देहरादून में डेंगू का कहर, 15 नए मरीजों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 383 पहुंचा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून जिले में बदलते मौसम के बीच डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को 289 सैंपलों की जांच में 15 नए लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें से 8 मरीज देहरादून जिले के निवासी हैं, जबकि 7 अन्य जिलों और राज्यों के रहने वाले हैं।

नए मिले संक्रमितों में 8 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में अब तक डेंगू संक्रमितों की कुल संख्या 383 तक पहुंच चुकी है। विभाग अब तक कुल 43,607 सैंपलों की जांच कर चुका है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: चकराता विधायक के भाइयों की अभद्र भाषा के खिलाफ त्यूणी में फूटा गुस्सा, बॉबी पंवार के नेतृत्व में पुतला दहन

डेंगू के कुल मामलों में से 179 मरीज अकेले देहरादून जिले के हैं, जबकि 204 मरीज दूसरे जिलों व राज्यों के निवासी हैं। राहत की बात यह है कि 368 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 15 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति लगातार जागरूक कर रही हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरों से बचाव के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: बिना फिटनेस फर्राटे भरती रही रोडवेड बस, 2 महीने में कटे 44 चालान, कुल जुर्माना 4 लाख पार

अस्पतालों में भी भर्ती मरीजों के लिए विशेष चिकित्सकीय टीमें तैनात की गई हैं, जो मरीजों को समय पर सही उपचार दे रही हैं। इसके साथ ही संदिग्ध मरीजों की तुरंत जांच और निगरानी के लिए टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं।

सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमलों, टायरों और बर्तनों में जमा पानी को नियमित रूप से साफ करें, क्योंकि जमा पानी में ही डेंगू के मच्छर पनपते हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 'विरासत अभियान' का बड़ा असर: रिकॉर्ड समय में निपटे संपत्ति हस्तांतरण के हजारों मामले

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मच्छरों से बचने के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें और रात में मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। यदि किसी को तेज बुखार या शरीर में दर्द की शिकायत हो, तो खुद इलाज करने के बजाय तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।