देहरादून। उत्तराखंड में आयोजित होने वाले ‘खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं को लेकर बड़ा अपडेट आया है। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग ने 30 अक्टूबर से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धाओं को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया है। इस अचानक फैसले से राज्यभर से शामिल होने वाले सैकड़ों खिलाड़ी प्रभावित हुए हैं।
विभाग के संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को औपचारिक पत्र जारी कर इस निर्णय की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जारी समय-सारणी के अनुसार ग्रुप-17 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित की जानी थीं, जिन्हें फिलहाल टाल दिया गया है।
प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, इस दौरान अंडर-14 बालक-बालिका, अंडर-19 बालक-बालिका और 20-25 वर्ष महिला ओपन वर्ग की स्पर्धाएं होनी थीं। इनमें एथलेटिक्स, कबड्डी और पिट्टू खेल शामिल थे। इसी अवधि में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 का भव्य समापन समारोह भी आयोजित किया जाना तय था।
संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि एथलेटिक्स, कबड्डी और पिट्टू की इन सभी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की नई तिथियां जल्द ही अलग से घोषित की जाएंगी। नई समय-सारणी जारी होने के बाद ही खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर भेजने की प्रक्रिया शुरू होगी।
विभागीय आदेश में सभी जिलाधिकारियों और खेल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चयनित खिलाड़ियों को नई तिथियों के ऐलान के बाद ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजें। तब तक अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में तैयारी पूरी रखने को कहा गया है।

