चम्पावत को CM धामी का रक्षाबंधन पर तोहफा: ₹62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण

ख़बर शेयर करें

चम्पावत। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को चम्पावत जिले के रामलीला मैदान धूरा पहुंचे। यहां आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ में शिरकत करते हुए सीएम धामी ने चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए ₹62.97 करोड़ की 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता और मातृशक्ति को संबोधित करते हुए क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की भूमि धूरा में नई पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मार्ग और ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क निर्माण का ऐलान किया।

May be an image of one or more people, temple and text

क्षेत्र में शिक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज व प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग और टाइल्स बिछाने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए धन और बस्तियागूंठ के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 75% से अधिक ई-चालान भरने में बरत रहे लापरवाही, गृह विभाग के निर्देश पर अब सीज होंगे वाहन

आपदा प्रबंधन और भूकटाव से सुरक्षा के लिए आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी और बस्तियागूंठ के मास्वाड तोक में वायरक्रेट कार्य किए जाएंगे। इससे रिहायशी इलाकों और कृषि भूमि को बाढ़ के खतरे से सुरक्षा मिलेगी।

May be an image of one or more people, henna and biryani

ग्रामीण कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए लदिया नदी और बुडम के कठोल में झूला पुल बनाए जाएंगे। इसके अलावा दियूरी से चौड़ा सड़क का सुधारीकरण, सुखीढांग-डांडा-मीनार मार्ग पर हॉटमिक्स कार्य और डांडा ककनई में सिंचाई के लिए नलकूप लगाने की स्वीकृति दी गई है।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कुमाऊंनी भाषा में संवाद कर स्थानीय मातृशक्ति का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि वे अपनी माताओं, बहनों, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाकर उन्होंने पूरे प्रदेश को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड एमबीबीएस काउंसलिंग: दस्तावेजों की जांच में बड़ा खुलासा, एक ही प्रमाण पत्र संख्या से जुड़े दो नाम
May be an image of child, smiling and text

मातृशक्ति के योगदान की सराहना करते हुए सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सिर्फ ऊंचे हिमालय और प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि यहां की साहसी और आत्मनिर्भर महिलाओं से है। महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ उन्हें शिक्षित, स्वस्थ और सुरक्षित बनाकर सामाजिक निर्णयों में भागीदार बनाना है।

राज्य सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हमारा लक्ष्य है कि ‘लखपति दीदी’ योजना से जुड़ने के बाद प्रदेश की बहनें अब आगे बढ़कर ‘करोड़पति दीदी’ बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

May be an image of one or more people and people smiling

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों की मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल के तहत इन स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रभावी विपणन नीतियां लागू कर रही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के विकास पर फिदा हुए हरियाणा के युवा: सीएम धामी से मिलकर साझा किए दौरे के अनुभव, बने 'डिजिटल ब्रांड एंबेसडर'

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि जब परिवार की एक महिला आत्मनिर्भर होती है, तो पूरा परिवार और गांव सशक्त होता है। समाज के मजबूत होने से ही एक समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण संभव है। इसीलिए राज्य सरकार की नीतियों के केंद्र में मातृशक्ति है।

May be an image of one or more people and temple

समारोह के समापन पर सीएम धामी ने विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल में उन्होंने नन्हीं बच्चियों के साथ केक काटा और समाज को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, दायित्वधारी श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, डीएम मनीष कुमार और एसपी रेखा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।