चमोली: पीपलकोटी मातृशक्ति सम्मेलन में उमड़ा नारी शक्ति का सैलाब, सीएम धामी ने 149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात

ख़बर शेयर करें

चमोली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित भव्य मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के विकास को गति देने के लिए 149.77 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया, जिससे स्थानीय जनता को बड़ी सौगात मिली है।

पीपलकोटी पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। रोड शो के दौरान सीएम धामी ने जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया, वहीं जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की एक सुंदर हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

सम्मेलन स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पहाड़ी जीवनशैली से अपना अनूठा जुड़ाव दिखाते हुए खुद सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, हाथ की चक्की से अनाज पीसा और मथानी से दही मथकर अद्भुत सांस्कृतिक छटा बिखेरी।

यह भी पढ़ें -  अंकिता भंडारी हत्याकांड: 8,084 पन्नों की चैट का परीक्षण खोलेगा कई राज

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की असली आधारशिला है। परिवार संभालने के साथ-साथ प्रदेश की महिलाएं कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक ‘चिपको आंदोलन’ की याद दिलाते हुए कहा कि गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं का पर्यावरण प्रेम पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और डीबीटी के माध्यम से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रदेश सरकार भी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दे रही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय अंचलों को बड़ी सौगात: सीएम धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ‘आरोग्य रथ’

महिलाओं के कल्याणकारी कदमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं पास करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है। इसके अलावा ‘बैणी-भुली योजना’ के जरिए राज्य की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा, जिसकी पहली किस्त इसी दिसंबर माह में उनके खातों में भेजी जाएगी।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी व पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मानित किया गया। साथ ही मौन पालन, प्राकृतिक खेती, बांस उत्पाद निर्माण, खेल, शिक्षा और मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व मेधावी छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में ऑनलाइन स्व-गणना का विधिवत शुभारंभ, राज्यपाल और सीएम धामी समेत मंत्रियों ने दर्ज किया विवरण

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। साथ ही क्षेत्र के विकास को और मजबूती देने के लिए हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण व सुधारीकरण की भी बड़ी घोषणा की।

इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पीपलकोटी की नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी सहित तमाम जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।