देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य दुर्गम इलाकों के ग्रामीणों को उनके घर-द्वार के पास ही स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता के मुहाने तक लाना सबसे बड़ी जरूरत है।
आरोग्य रथ की कार्यप्रणाली के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक व जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके जरिए दूरदराज के गांवों में लोगों को प्राथमिक और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।

इन मोबाइल यूनिट्स के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य समस्याओं की शुरुआती स्तर पर पहचान करने और समय पर सही चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने में बड़ी सहायता मिलेगी। साथ ही, यह रथ ग्रामीण अंचलों में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य भी करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सरकारी प्रयासों के साथ-साथ कॉर्पोरेट क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
इस कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही और स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय मौजूद रहे। इसके अलावा अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी इस दौरान उपस्थित रहे।

