देहरादून। उत्तराखंड परिवहन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान आयोजित VIP वाहन नंबरों की ई-नीलामी प्रक्रिया से जुड़ा रिकॉर्ड सामने आया है। राज्य में गाड़ियों के पसंदीदा और VIP नंबर हासिल करने के लिए वाहन प्रेमियों के बीच जबरदस्त होड़ देखने को मिली, जिसमें कई खास नंबरों के लिए लाखों रुपये की बोलियां लगाई गईं।
विभाग के आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, ई-आक्शन में सबसे महंगी और ऊंची बोली UK07HP0001 नंबर के लिए दर्ज की गई। इस अति-विशिष्ट नंबर को पाने के लिए आवेदक ‘हरजिंदर सिंह’ ने 13,91,000 रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाई और इसे अपने नाम किया।
फैंसी नंबरों की दौड़ में दूसरा बड़ा आंकड़ा UK07HP0002 नंबर का रहा। इस प्रीमियम नंबर को ‘रामश्याम स्टोन एंड मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड’ ने 3,50,000 रुपये की कीमत पर खरीदा। इसी क्रम में तीसरे खास नंबर UK07HP0003 के लिए भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस VIP नंबर को ‘हरजिंदर सिंह’ ने 9,04,000 रुपये की ऊंची बोली लगाकर अपने नाम दर्ज कराया।
चौथे प्रमुख नंबर UK07HP0005 के लिए ‘नैचुरल हर्ब्स एंड फॉर्मुलेशन प्राइवेट लिमिटेड’ ने 3,95,000 रुपये की बोली जमा कर इसे हासिल किया। इसके अलावा, VIP सीरीज के नंबर UK07HP0009 के लिए भी उत्साही बोलीदाताओं के बीच मुकाबला देखा गया। इस नंबर को पंजीकृत स्वामी ‘मनमोहन रावत’ ने 1,08,000 रुपये की बोली लगाकर खरीदा।
बहरहाल, उत्तराखंड परिवहन विभाग की ओर से आयोजित ई-ऑक्शन में इन पांचों VIP नंबरों 0001, 0002, 0003, 0005 और 0009 की बिक्री से विभाग को लाखों रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

