देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राज्य के युवाओं के लिए समूह ‘ग’ के तहत विभिन्न सरकारी विभागों में 101 पदों पर सीधी भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया है। आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के अनुसार यह भर्ती वैयक्तिक सहायक, स्टेनोग्राफर और स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के रिक्त पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर 14 अक्टूबर तक अपना फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन पत्र में किसी भी तरह का संशोधन करने के लिए आयोग 17 से 19 अक्टूबर तक करेक्शन विंडो खोलेगा।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन सभी 101 पदों के लिए लिखित परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने हाईस्कूल प्रमाण पत्र के साथ पहचान पत्र के दोनों तरफ की कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा श्रेणी, उपश्रेणी आरक्षण और संबंधित पद का अनुभव प्रमाण पत्र भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
विभागवार पदों के ब्यौरे की बात करें तो आवास विभाग में सबसे ज्यादा 22 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा आयुक्त कुमाऊं मंडल कार्यालय में 16 पद, वन विकास निगम में 10 पद, जबकि ग्राम्य विकास विभाग और स्टाम्प एवं निबंध विभाग में 08-08 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
वहीं उच्च शिक्षा विभाग में 07 पद और उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में 06 रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी होगी। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जारी दिशा-निर्देशों और भर्ती नियमों को ध्यानपूर्वक जरूर पढ़ लें।

