उत्तराखंड: 13 नवंबर को तृतीय प्रवासी सम्मेलन; दून विवि में जुटेगी प्रवासियों की टोली, तैयारी तेज

ख़बर शेयर करें

देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आगामी 13 नवंबर को राजधानी देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी शिरकत करेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अपने गृह राज्य से दूर रह रहे प्रवासियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों और सुझावों को उत्तराखंड के विकास में भागीदार बनाना है।

राज्य सरकार ने प्रवासी उत्तराखंडियों को राज्य की प्रगति से जोड़ने के लिए वर्ष 2024 से इस सम्मेलन की शुरुआत की थी। इसी श्रृंखला में अब तीसरे सम्मेलन की घोषणा के साथ ही शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार का मानना है कि प्रवासियों की विशेषज्ञता और तकनीकी अनुभव का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए योजनाएं तैयार करने में किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में 1.5 करोड़ की ठगी: दोगुने रिटर्न का झांसा देकर निवेशकों को लगाया चूना

सम्मेलन के सुचारू और भव्य आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा बैठकें शुरू हो चुकी हैं। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने उच्च स्तरीय बैठक कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अतिथियों के स्वागत, प्रवास और विषयगत सत्रों के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में सड़कों पर नजर रखेगा AI, कुंभ सुरक्षा को बम सूट; CM धामी ने मंजूर किए ₹36 करोड़

गौरतलब है कि इससे पहले आयोजित दोनों प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन भी देहरादून के दून विश्वविद्यालय में ही सफलतापूर्वक संपन्न हुए थे। इसके अलावा, राज्य सरकार वर्ष 2025 में प्रवासियों का एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन भी आयोजित कर चुकी है। इन सम्मेलनों के जरिए राज्य सरकार प्रवासियों के साथ एक मजबूत और स्थायी नेटवर्क तैयार करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें -  CM धामी की सादगी ने जीता दिल: श्रीनगर में अचानक रुकवाया काफिला, दुकान पर बैठकर पी चाय और लोगों को खुद परोसी

13 नवंबर को होने वाले इस तृतीय सम्मेलन में प्रवासियों के स्वागत के साथ-साथ राज्य के विकास मॉडल पर विभिन्न परिचर्चा सत्र आयोजित होंगे। सरकार को उम्मीद है कि देश भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के सुझाव राज्य के समग्र विकास को एक नई गति देने में मील का पत्थर साबित होंगे।