रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग में चारधाम सड़क परियोजना के तहत बनकर तैयार हुए नए पुल और सुरंग मार्ग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट का तकनीकी जायजा लेते हुए ऐलान किया कि जल्द ही इस महत्वपूर्ण बाईपास मार्ग का विधिवत लोकार्पण कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से अलकनंदा नदी पर 200 मीटर लंबा पुल और 900.30 मीटर लंबी सुरंग तैयार की गई है। कुल 1.18 किलोमीटर लंबी यह परियोजना केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-107) को सीधे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) से जोड़ने का काम करेगी।

प्रशासन ने आज से इस पुल-सुरंग मार्ग पर ट्रायल के तौर पर गाड़ियाँ चलाना शुरू कर दिया है। इसके नियमित शुरू होने से केदारनाथ और बदरीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार के संकरे रास्तों से नहीं गुजरना पड़ेगा, जिससे शहर में लगने वाले भारी जाम से बड़ी निजात मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर भूस्खलन रोकने के लिए किए जा रहे सुरक्षा कार्यों का भी जायजा लिया।

अपने दौरे के दौरान सीएम धामी ने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा शुरू किए गए ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान की भी जमकर तारीफ की। मुख्यमंत्री ने इस संगम लाइब्रेरी का अवलोकन किया और खुद भी 150 उपयोगी पुस्तकें भेंट कीं।
इस अनूठी पहल के तहत संगम पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं और सामान्य ज्ञान की 2500 से अधिक किताबें जमा हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के सहयोग से पुस्तकालयों को समृद्ध करने का यह प्रयास दूरदराज के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए वरदान साबित होगा।

