Rishikesh: दोस्तों संग नहाते समय गंगा के तेज बहाव में बहा दिल्ली का युवक, SDRF का रेस्क्यू जारी

ख़बर शेयर करें

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बजरंग सेतु के पास गंगा नदी में नहाने उतरे चार दोस्तों में से एक 22 वर्षीय युवक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही SDRF, लक्ष्मणझूला पुलिस और जल पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। देर शाम तक चले तलाशी अभियान के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

हादसा गुरुवार सुबह करीब 10 बजे का है, जब चार दोस्त गंगा घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक का अचानक संतुलन बिगड़ा और वह नदी के प्रचंड वेग में समा गया। साथी को डूबता देख दोस्तों के चिल्लाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला पोस्ट से गोताखोर टीम डीप डाइविंग किट के साथ मौके पर पहुंची और नदी में उतरी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड कौशल विकास योजना 2.0: महिलाओं को 33% आरक्षण, 26,696 युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

गंगा में डूबे युवक की पहचान 22 वर्षीय शिवांशु राज, पुत्र अनूप पांडे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार का रहने वाला था और वर्तमान में नई दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी 'शुद्धिकरण' मामले में कांग्रेस को झटका! हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका, सरकार ने दिया जांच का आश्वासन

एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें दुर्घटनास्थल बजरंग सेतु से लेकर नीचे पशुलोक बैराज तक नदी के सभी संवेदनशील और संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। हालांकि, मानसून सीजन के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव बेहद तेज है, जिससे रेस्क्यू टीमों को गहरे पानी में उतरने और खोजबीन करने में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के लोगों को लगेगा बिजली का झटका! अक्टूबर के बिल में जुड़कर आएगा अतिरिक्त चार्ज

घटना के बाद एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन ने ऋषिकेश आने वाले तमाम तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि मानसून के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ रहा है। ऐसे में जलधारा के करीब न जाएं, केवल चिन्हित व सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।