उत्तराखंड के टिहरी जिले में बीते गुरुवार को हुई वाहन दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ह्रदय से गहरा शोक प्रकट किया था। वहीं इस सड़क दुर्घटना के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए अतिरिक्त सहायता राशि का ऐलान किया गया है।
कुल मिलाकर प्रत्येक मृतक आश्रित परिवार को 7 लाख रुुपये मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये, राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत 2 लाख रुपये, जबकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी मृतक आश्रितों को 3 लाख रुपये अतिरिक्त सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इस प्रकार घायलों को भी राष्ट्रीय राहत कोष से 50 हजार और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी 50 हजार रुपये दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस दुखद घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार कराया जाए। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने और उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

