देहरादून। उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल मसूरी की ऐतिहासिक मालरोड पर बारिश के कारण सड़क धंसने और उसमें गहरी दरारें पड़ने से हड़कंप मच गया है। कुलड़ी बाजार में पिक्चर पैलेस चौक के पास लगातार हो रही बारिश से सड़क करीब आधा फीट तक नीचे धंस गई है। इस अचानक हुए धंसाव और चौड़ी होती दरारों के कारण स्थानीय व्यापारियों, पर्यटकों और राहगीरों में डर का माहौल है।
ब्रिटिश काल से पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही मालरोड मसूरी शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। दिनभर स्थानीय लोगों और हजारों पर्यटकों की आवाजाही वाले इस क्षेत्र में आधा फीट धंसाव होना यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय व्यापारी दिनेश सेमवाल, प्रताप पंवार और संजय नेगी ने बताया कि पिक्चर पैलेस चौक के पास पिछले कुछ दिनों से हल्की दरारें दिख रही थीं। हालांकि, हालिया बारिश के बाद ये दरारें तेजी से गहरी और चौड़ी होती जा रही हैं, जिससे हादसा होने का खतरा बढ़ गया है।
व्यापारियों ने चेताया है कि यदि समय रहते सड़क का तकनीकी निरीक्षण और प्रॉपर ट्रीटमेंट नहीं किया गया, तो मालरोड को बड़ा नुकसान पहुँच सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार वर्मा ने बताया कि मालरोड में दरारें आने और सड़क धंसने की सूचना विभाग को मिल चुकी है। अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट किया कि तकनीकी इंजीनियरों की टीम को मौके पर भेजकर सड़क के धंसाव की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द से जल्द सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएंगे।

