उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कोटी-जाख-डोबरा पर्यटन मार्ग और डोबरा क्षेत्र में तैयार किए जा रहे इको पार्क का धरातलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की है. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि निर्माण से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने टिहरी झील के किनारे रिंग रोड परियोजना के तहत चल रहे कोटी-जाख-डोबरा पुल सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया और कहा कि डोबरा-चांठी पुल तथा टिहरी झील क्षेत्र राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में अपनी खास पहचान बना रहे हैं. उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सभी सरकारी विभागों को आपस में बेहतर समन्वय और तालमेल के साथ काम करना होगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने पर्यटन विभाग द्वारा डोबरा क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इको पार्क के निर्माण कार्यों का गहनता से जायजा लिया. उन्होंने पार्क के भीतर तैयार की जा रही विभिन्न सुविधाओं, प्रस्तावित आकर्षण केंद्रों, हरित क्षेत्र विकास, बैठने की व्यवस्था, पैदल चलने के मार्गों और अन्य बुनियादी ढांचों के संबंध में उपस्थित अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली।
मुख्य सचिव का मानना है कि इस इको पार्क के पूरी तरह से विकसित हो जाने के बाद क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को एक नई दिशा और रफ्तार मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस पार्क का निर्माण पूरी तरह से पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि क्षेत्र की स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को पूरी तरह सुरक्षित व संरक्षित रखते हुए राज्य में सतत पर्यटन विकास को बढ़ावा दिया जा सके।


