UK Board परीक्षा में 73% अंक आने से था निराश, 10वीं के छात्र ने किया आत्महत्या का प्रयास

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने शनिवार को रामनगर मुख्यालय से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित किया। लेकिन इस बीच चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से बेहद गंभीर खबर सामने आई है। दरअसल, लोहाघाट के गुमदेश क्षेत्र के विद्यालय में अध्ययनरत 10वीं के 16 वर्षीय छात्र ने कम अंक आने के चलते फांसी लगाकर जान देने कोशिश की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र के 73 प्रतिशत अंक आए और इस बात से निराश होकर छात्र ने अपने घर के भीतर ही फांसी लगा कर जान देने की कोशिश की। गनीमत रही कि जब छात्र अपनी जान देने को आमादा था उसी समय पर पड़ोस में रहने वाली एक बच्ची उसके कमरे आई और अंदर का नजारा देखकर उसके भी होश उड़ गए। बच्ची ने तत्काल इस बात की जानकारी स्वजन को दी, जिसके बाद छात्र के स्वजनों और ग्रामीणों द्वारा छात्र को फंदे से उतारकर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
वहीं ग्रामीणों ने बताया नाबालिग तीन भाई बहन में सबसे छोटा है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के नेतृत्व में डॉ. हिमांशु सरन ने प्राथमिक उपचार किया। डॉ. राठी ने बताया कि छात्र की हालत काफी गंभीर है और उप जिला चिकित्सालय में ENT सर्जन नहीं होने के कारण उसे चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। वहीं छात्र की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।