देहरादून में बुजुर्ग शिक्षिका से 73.60 लाख की ठगी, 24 दिन रखा ‘डिजिटल अरेस्ट’

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग रिटायर्ड शिक्षिका को 24 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 73.60 लाख रुपये की रिकॉर्ड ठगी को अंजाम दिया है। शातिर ठगों ने महिला को उनके सिम कार्ड का इस्तेमाल बड़े साइबर अपराध में होने की धौंस दी और खुद को नासिक का पुलिस अधिकारी बताकर गिरफ्तारी का डर दिखाया। पीड़िता की तहरीर पर देहरादून साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त को पीड़िता के पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ठग ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए दावा किया कि महिला के नाम पर जारी मोबाइल नंबर से फ्रॉड हुआ है। इसके बाद आरोपी सब इंस्पेक्टर राहुल और संजय बनकर महिला को 24 घंटे डिजिटल अरेस्ट में रखने लगे और किसी को भी इस बारे में न बताने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के बुनियादी विकास और मंदिरों के कायाकल्प के लिए खुला बजट का खजाना, ₹86 करोड़ मंजूर

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के खौफ में आकर पीड़िता ने परिजनों को भी इसकी भनक नहीं लगने दी। ठगों के सख्त निर्देशों का पालन करते हुए महिला ने 11 से 31 अगस्त के बीच अलग-अलग खातों में कुल 73.60 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब पैसे भेजने के बाद भी आरोपियों का दबाव और पैसों की मांग जारी रही, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ।

यह भी पढ़ें -  CM धामी ने किया 'मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना' का शुभारंभ, 11 हजार छात्रों को फ्री कोचिंग

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीम ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रही है। एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर डिजिटल अरेस्ट या पैसों की मांग पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

गौरतलब है कि उत्तराखंड एसटीएफ लगातार साइबर अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। हाल ही में मालदा से एक आरोपी को पकड़ा गया था, जिसने वरिष्ठ नागरिक को 12 दिन डिजिटल अरेस्ट रखकर 1.18 करोड़ रुपये ठगे थे। इससे पहले बड़गांव से भी सीबीआई अधिकारी बनकर 65 लाख रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को अरेस्ट किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के लोगों को लगेगा बिजली का झटका! अक्टूबर के बिल में जुड़कर आएगा अतिरिक्त चार्ज

देहरादून में डिजिटल अरेस्ट के जरिए लगातार बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। अगस्त 2026 में ही एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को एनआईए और पुलिस अधिकारी बनकर दिल्ली बम धमाकों का डर दिखाते हुए 35.50 लाख रुपये ठग लिए गए थे। वहीं एक अन्य मामले में दंपति को लाल किले से आतंकी कनेक्शन का खौफ दिखाकर उनकी एफडी तुड़वाकर 13 लाख रुपये हड़प लिए गए थे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad