चंपावत गैस एजेंसी प्रबंधक ने की आत्महत्या: क्षेत्र में गैस वितरण ठप

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के चंपावत जिले में कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा संचालित इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक 55 वर्षीय दयाल रावत ने रविवार रात अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उनकी हालत बिगड़ते देख आनन-फानन में उन्हें पड़ोसियों की सहायता से जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। निवास स्थान पर तलाशी ली गई तो कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें -  समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, जनकल्याण योजनाओं पर हुई चर्चा...

दयाल रावत ऋषिकेश के निवासी थे और चंपावत गैस एजेंसी का सफल संचालन कर रहे थे। सहकर्मियों के अनुसार, हाल के दिनों में एलपीजी सिलेंडर वितरण में हो रही किल्लत के कारण उन पर भारी मानसिक दबाव था। जनता की शिकायतें, अधिकारियों का दबाव और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) की जांच का भय उन्हें परेशान कर रहा था। गैस संकट के बीच वितरण में देरी से उनकी परेशानी बढ़ गई थी। कुछ स्रोतों का कहना है कि वे डिप्रेशन से जूझ रहे थे, लेकिन आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। घटना के बाद सोमवार को चंपावत क्षेत्र में गैस वितरण पूरी तरह बंद रहा। वहीं स्थानीय लोगों ने दुख जताते हुए कामकाजी दबाव पर सवाल उठाए हैं।