2027 में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव हैं, हालांकि वक्त है लेकिन भाजपा कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। केंद्र की मोदी सरकार के 12 साल पूरे हो गए हैं। जनता के बीच केंद्र सरकार का फीड बैक क्या है और जनता केद्र सरकार को लेकर फील गुड कर रही है या नहीं इसकी तलाशी के लिए भाजपा संगठन ने दो दिवसीय प्रोग्राम बनाया है। इस कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड में 13 से 16 जून के बीच दो दिवसीय विधानसभा प्रवास कार्यक्रम चलाया जाएगा।
‘जनकल्याण के संदेश के साथ’ इस अभियान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री समेत सभी मंत्री, सांसद और विधायक अपनी-अपनी विधानसभाओं में प्रवास कर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे। दरअसल भाजपा का मानना है कि पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल में भारत ने विकास के जनकल्याणकारी स्वरूप को दुनिया के सामने रखा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र से गरीब कल्याण, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश की तस्वीर बदली है।लिहाजा इसी संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विधानसभा प्रवास कार्यक्रम तय किया गया है।
कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधानसभा सीट पर, जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वाराहाट में प्रवास करेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा सांसद, लोकसभा सांसद और प्रदेश सरकार के सभी मंत्री अपनी-अपनी विधानसभाओं में दो दिन रुककर जनता से सीधा संवाद करेंगे।
दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं की बैठकें भी होंगी। साथ ही साथ जनसंवाद भी होगा मंत्री-विधायक बूथ स्तर तक जाकर जनता से मिलेंगे और केंद्र की 12 साल की उपलब्धियां बताएंगे। इसके अलावा स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही निस्तारण कराने का प्रयास भी होगा। वहींं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ग्राउड जीरो रिपोर्ट की पड़ताल भी की जाएगी।
प्रवास कार्यक्रम के दौरान पीएम आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना समेत राज्य की मुख्यमंत्री घोषणा, स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा होगी। ताकि जनता को पता चले कि राज्य में डबल इंजन सरकार के क्या फायदे होते हैं। वहीं मोदी सरकार के 12 साल के काम को बुकलेट और प्रदर्शनी के जरिए जनता के सामने भी रखा जाएगा।
भाजपा नेतृत्व ने साफ किया है कि दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम खानापूर्ति नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता के साथ जिंदा दिली से मेल-मिलाप होना चाहिए । ताकि अवाम को लगे की कोई मसीहा है जो उनके लिए अच्छे दिन लाने में लगातार जुटा हुआ है। बाताया जा रहा है कि हर विधानसभा में सोशल मीडिया, नुक्कड़ सभा और लाभार्थी सम्मेलन के जरिए 12 साल के विकास का संदेश पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम पूरे देश में चलेगा, ऐसे में 13 से 16 जून तक सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने इलाको मे सक्रिय रहेंगे।
.

