बागेश्वर। बागेश्वर जिले की कपकोट तहसील के अंतर्गत सोराग मोटर मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। उंगिया के पास अचानक एक विशालकाय पेड़ चलती मोटरसाइकिल पर गिर पड़ा, जिससे 28 वर्षीय बाइक सवार धीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिंडर घाटी को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया, जिससे दोनों ओर करीब 20 वाहन फंस गए और एक हजार से अधिक लोगों की आवाजाही ठप हो गई।
घटना के अनुसार, उंगिया निवासी धीरेंद्र सिंह पुत्र रूप सिंह सोमवार को अपने घर से धूर गांव की ओर जा रहे थे। सोराग मोटर मार्ग पर पहुंचते ही सड़क किनारे का एक विशालकाय पेड़ सीधे उनकी बाइक पर आ गिरा, जिससे वह मलबे के साथ सड़क पर पटक गए। हादसे में धीरेंद्र की पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती कराया गया।
इस दुर्घटना में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि धीरेंद्र सिंह ने हेलमेट पहना हुआ था, जिसके चलते उनके सिर पर कोई गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को सुरक्षित निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश सोरागी ने बताया कि सोराग मोटर मार्ग पर पेड़ गिरने से पिंडर घाटी का संपर्क पूरी तरह कट गया है। सड़क के दोनों तरफ यात्रियों और स्थानीय लोगों से भरे करीब 20 वाहन फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि जब तक भारी पेड़ और उसकी टहनियों को सड़क से नहीं हटाया जाता, तब तक इस मार्ग पर यातायात शुरू होना असंभव है।
मार्ग अवरुद्ध होने से बढ़ी परेशानी को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने आपदा प्रबंधन विभाग और तहसील प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर जेसीबी मशीन भेजकर पेड़ हटाने और पिंडर घाटी मार्ग को जल्द से जल्द आवाजाही के लिए सुचारु करने की मांग की है।

