यूट्यूबर अनुराग डोभाल की बढ़ी मुश्किलें: घर में घुसकर मारपीट और निजी डेटा चोरी में एक और आपराधिक मामला दर्ज

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून में लोकप्रिय यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल उर्फ यूके-07 राइडर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रायपुर थाने में एक युवक ने उनके और उनके साथियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, हथियार दिखाकर धमकाने और जबरन निजी डिजिटल डेटा चोरी करने का नया मामला दर्ज कराया है। इस दूसरी प्राथमिकी के बाद पुलिस और प्रशासन के स्तर पर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।

शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल के अनुसार, यह घटना 3 अक्तूबर 2026 की रात करीब आठ बजे विवेक विहार, नकरौंदा स्थित उसके घर पर हुई। आरोप है कि अनुराग डोभाल अपने पांच-छह साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए घर के अंदर घुस गया। इस दौरान उसके बाल खींचकर उसे थप्पड़ मारे गए, जबकि उसके साथियों ने उसके हाथ पकड़कर उसे बंधक जैसी स्थिति में डाल दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: आपदा प्रभावित सरकारी स्कूलों के लिए ₹30 करोड़ जारी, बनेंगे नए भवन और सुरक्षा दीवारें

आयुष ने अपनी शिकायत में बताया कि बीच-बचाव करने आई उसकी मौसी के सामने भी आरोपियों ने दबंगई दिखाई। हालांकि अनुराग ने मां और मौसी के पैर छूकर शांत रहने को कहा, लेकिन उसके साथियों ‘टाइगर’ और ‘खुखरी’ ने कमर में हथियार दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसे हरिद्वार के एक अन्य मामले का हवाला देकर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई।

यह भी पढ़ें -  NSA अजीत डोभाल पर राहुल गांधी के बयान पर सीएम धामी की पलटवार, पूछा- 'प्रदेश कांग्रेस स्पष्ट करे, वह प्रदेश के गौरव के साथ है या राहुल गांधी के'

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने परिवार को नुकसान पहुँचाने का डर दिखाकर उसका मोबाइल फोन अनलॉक करवाया। इसके बाद फोन से निजी फोटो, वीडियो, संपर्क सूची और सोशल मीडिया से जुड़े तमाम व्यक्तिगत डेटा को अपने डिवाइस में ट्रांसफर कर लिया गया। इतना ही नहीं, उसे अपनी मर्जी का वीडियो रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड करने के लिए भी मजबूर किया गया।

जाते समय आरोपी पीड़ित का ब्लूटूथ हेडसेट, रे-बैन धूप का चश्मा, एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और आईफोन का मूल चार्जर भी अपने साथ ले गए। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में बंपर शिक्षक भर्ती की तैयारी, जिलों से मांगा गया रिक्त पदों का ब्योरा

गौरतलब है कि मारपीट और अपहरण के प्रयास से जुड़े एक अन्य मामले में अनुराग डोभाल और उनके तीन साथी पहले से ही न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। हाल ही में अदालत द्वारा उनकी जमानत याचिका भी खारिज की जा चुकी है। ऐसे में एक नया आपराधिक मामला दर्ज होने से उनकी कानूनी मुश्किलें और अधिक गंभीर होना तय माना जा रहा है।