देहरादून। उत्तराखंड के जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने गढ़वाल मंडल में क्लीन स्वीप करते हुए एकतरफा जीत हासिल की है। मंगलवार को संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में गढ़वाल मंडल के सभी छह जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इस बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी है।
गढ़वाल मंडल के छह जिलों में लंबे समय से चल रही चुनाव प्रक्रिया के तहत मंगलवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के नतीजे घोषित किए गए। इसमें देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी और हरिद्वार जिलों में विरोधी प्रत्याशियों के न होने से भाजपा उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
नवनिर्वाचित अध्यक्षों की बात करें तो जिला सहकारी बैंक देहरादून से मनजीत रावत और चमोली से गजेंद्र सिंह रावत निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। वहीं उत्तरकाशी से शारदा राणा, पौड़ी गढ़वाल से पंकज रावत, टिहरी से सुभाष चंद्र रमोला और हरिद्वार से विजेंद्र चौधरी ने निर्विरोध जीत दर्ज की है।
गढ़वाल मंडल की सभी सीटों पर मिली इस सफलता पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने साबित कर दिया है कि जनता और सहकारिता क्षेत्र के मतदाता वर्तमान सरकार की नीतियों के साथ हैं। सीएम ने कहा कि मतदाताओं ने एकमुश्त समर्थन देकर विपक्ष की झूठ और जातिवाद की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है।
प्रदेश के सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने भी सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह निर्विरोध निर्वाचन राज्य में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करेगा और बैंकों के माध्यम से किसानों व आम जनता तक सरकारी योजनाओं की पहुंच को और आसान बनाएगा।
गढ़वाल मंडल में प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दूसरे चरण में कुमाऊं मंडल के 11 जिला सहकारी बैंकों में 11 सितंबर को चुनाव आयोजित किए जाएंगे। चुनाव अधिकारियों के अनुसार सभी जिला स्तरीय बैंकों के चुनाव पूरे होने के बाद राज्य स्तरीय सहकारी संघों और शीर्ष बैंक के पदाधिकारियों के चुनाव कराए जाएंगे।

