देहरादून। उत्तराखंड राज्य कर विभाग की ‘बिल लाओ इनाम पाओ’ योजना के तहत लकी ड्रा में इनाम जीतने वाले 2376 विजेताओं की हैरान करने वाली उदासीनता सामने आई है। योजना समाप्त हुए दो साल बीतने के बावजूद ये विजेता अपना पुरस्कार लेने विभाग के पास नहीं पहुंचे हैं। इस कारण स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच, टैबलेट, एलईडी स्मार्ट टीवी और ईयरपॉड्स जैसे सैकड़ों महंगे गैजेट्स जीएसटी दफ्तरों में डंप पड़े हुए हैं।
राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन ने बताया कि जो विजेता अब तक अपना इनाम लेने नहीं पहुंचे हैं, उनकी सूची राज्य जीएसटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर और हल्द्वानी स्थित राज्य कर के संयुक्त आयुक्त कार्यालयों से एक निश्चित समय सीमा के भीतर उपस्थित होकर ये इनाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
जीएसटी विभाग ने यह योजना वर्ष 2022 में आम नागरिकों को खरीदारी का पक्का बिल लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की थी। उपभोक्ता अपने जीएसटी बिल को ऑनलाइन मोबाइल ऐप पर अपलोड करते थे, जिसके आधार पर हर महीने लकी ड्रा निकालकर स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच और ईयरपॉड्स जैसे उपहार दिए जाते थे। इसके बाद योजना के समापन पर एक विशाल ‘मेगा ड्रा’ भी आयोजित किया गया था।
विजेताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो मंथली ड्रा में 10 हजार रुपये तक की कीमत वाले स्मार्टफोन जीतने के बावजूद 814 लोग अपना फोन लेने नहीं पहुंचे। इसके अलावा 787 लोग अपनी स्मार्टवॉच और 775 विजेता अपने ईयरपॉड्स लेने अब तक नहीं आए हैं। वहीं, मेगा ड्रा में टैब, एलईडी स्मार्ट टीवी और लैपटॉप जीतने वाले 150 से अधिक विजेताओं ने भी अपना दावा पेश नहीं किया है।
विभाग के मुताबिक, मेगा ड्रा में कार, बाइक और स्कूटर जैसे बड़े वाहन जीतने वाले लोग तो अपने इनाम ले गए, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स दफ्तरों में ही छूट गए। इस उदासीनता के पीछे एक बड़ा कारण 31.2 प्रतिशत टैक्स का नियम है; दरअसल, इनाम प्राप्त करने से पहले विजेताओं को नियमानुसार 31.2% टैक्स जमा करवाना पड़ रहा है, जिसे चुकाने में कई लोग दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
राज्य कर विभाग ने सभी विजेताओं से अपील की है कि वे जीएसटी पोर्टल पर जारी सूची में अपना नाम जांचें और आवश्यक टैक्स प्रक्रिया पूरी कर अपने नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय से पुरस्कार प्राप्त कर लें।

