उत्तराखंड में करीब आ रहे 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनैतिक पार्टियां अपना कुनबा बढ़ाने में लगी हैं। चूंकी लक्ष्य काफी बड़ा है और समय काफी कम लिहाजा प्रदेश राजनीति के पक्ष विपक्ष में चुनावी सुगबुगाहट शुरु हो चुकी है। इसी क्रम में बीते गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में 30 रिटायर्ड कर्मचारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि रिटायर कर्मचारियों का आना कांग्रेस को मजबूती देगा, वहीं अब जनता भी कांग्रेस पार्टी को खुला समर्थन दे रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अब केंद्र और राज्य की सरकार को सबक सिखाने का समय आ चुका है।
वहीं कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए रिटायर्ड कर्मचारियों का कहना है कि कांग्रेस पार्टी ने देश पर कई सालों तक राज किया है। कांग्रेस पार्टी सत्ता में रहने वाली पार्टी है क्योंकि कांग्रेस को सत्ता में रहने का खासा लंबा अनुभव हासिल है। वहीं नव सम्मिलित कर्मचारियों ने कहा कि अब हमारा कार्य कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है और हम आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एकबार फिर सत्ता में लाने का काम करेंगे।
कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ’ अभियान
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा प्रदेश राजनीति के मिजाज और संगठनात्मक गतिविधियों की नब्ज़ टटोलने लंबे समय के बाद गुरुवार को राजधानी देहरादून पहुंची। कुमारी शैलजा ने देहरादून में उत्तराखंड कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में शिरकत की, इस दौरान कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। वहीं बैठक पूर्ण होने के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने प्रेस को संबोधित किया, अपने संबोधन में कुमारी शैलजा ने केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा योजना ने करोड़ों लोगों को रोजगार प्रदान कर गरीबी के मुंह से बाहर निकाला है। बावजूद इसके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना को स्थगित कर उन तमाम गरीबों के हक पर डाका डाला है जिनकी आजिविका का माध्यम ही मनरेगा था।
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस मनरेगा स्कीम को लेकर देशभर में “मनरेगा अभियान” की शुरुआत करेगी, उन्होंने मनरेगा अभियान को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के तमाम कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। कुमारी शैलजा ने कहा कि मनरेगा अभियान को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और पीएम मोदी और उनकी सरकार को बेनकाब करेगी।


