आज हो सकता है शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, नामों की चर्चा से गोपनीयता पर उठे सवाल

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राज्य शासन में आज बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। सचिवालय और अन्य उच्च स्तरों पर दिनभर चली कानाफूसी और अफसरों की सक्रियता ने इन अटकलों को और बल दे दिया है। जानकारी के अनुसार, कई महत्वपूर्ण विभागों में सचिव और अपर सचिव स्तर पर व्यापक तबादले किए जा सकते हैं।
शासन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस बदलाव की तैयारी कई दिनों से चल रही थी और आज इसका औपचारिक ऐलान हो सकता है। दिलचस्प बात यह है कि जिन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलने की चर्चा है, उनके नाम बुधवार से ही सचिवालय के गलियारों में घूमते रहे। इससे गोपनीयता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि कुछ विभागों में प्रदर्शन के आधार पर बदलाव किया जा रहा है, जबकि कुछ जगहों पर राजनीतिक समीकरणों का ध्यान रखा गया है। हालांकि, आधिकारिक स्तर पर तबादलों की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन जिस तरह से सचिवालय में हलचल देखी गई, उससे साफ है कि सरकार कुछ बड़े फैसलों के मूड में है। अगर वही नाम चयनित होते हैं जो चर्चा में हैं, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े करेगा। अब सभी की निगाहें शाम तक आने वाले संभावित आदेश पर टिकी हैं।