उत्तराखंड में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: CM धामी ने प्रेस वार्ता में की बड़ी घोषणा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में प्रेस वार्ता के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। इस एक महीने लंबे अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखते हुए राज्य के नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से सीधे जोड़ा जाएगा। इस निर्णय का सीधा असर प्रदेश के विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों और आम नागरिकों पर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत राज्यभर में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इन आयोजनों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही उत्तराखंड सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को भी प्रदेश के जन-जन तक पहुँचाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।

अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके तहत सरकारी योजनाओं के केंद्रों, राशन दुकानों, गैस वितरण केंद्रों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और गंगा तटों पर दीप प्रज्वलन और सामूहिक कार्यक्रम होंगे। इसके अतिरिक्त नए मेडिकल कॉलेजों, बांधों, पुलों, अमृत सरोवरों और जन औषधि केंद्रों जैसे विकास स्थलों पर भी सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: नंदा राज जात यात्रा में देव डोलियों संग SDRF-पुलिस की मुस्तैदी, रात्रि विश्राम पड़ावों पर भी कड़ा सुरक्षा पहरा

राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘विकसित भारत’ के संकल्प और पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इन प्रतियोगिताओं में चुनी गई उत्कृष्ट पेंटिंग्स को विद्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा।

इसके साथ ही ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के माध्यम से देश की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन स्कूलों में किया जाएगा। वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से विशेष कार्यक्रम होंगे, जिनमें मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण और शिशु कल्याण संबंधी जानकारियों पर मुख्य जोर दिया जाएगा।

जनता के जीवन में आए वास्तविक बदलावों को उजागर करने के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तर की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की ‘सेवा की कहानियां’ भाषण, चित्रकला और कहानियों के माध्यम से पेश की जाएंगी। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत प्रमुख चौराहों पर ‘विकसित भारत 2047’ से संबंधित कलश स्थापित किए जाएंगे, जिसके साथ साइकिल और बाइक रैलियों का भी आयोजन होगा।

यह भी पढ़ें -  देहरादून बना स्वाइन फ्लू का हॉटस्पॉट: एक ही दिन में मिले 25 नए मरीज, 383 पहुंचा आंकड़ा

‘सेवा : मेरा योगदान’ कार्यक्रम के जरिए आम नागरिकों को पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, शिक्षण कार्य और अन्य सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा। दूसरी ओर ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के जरिए गांव-गांव शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर आयोजित होंगे।

अभियान में रचनात्मकता और नवाचार को जोड़ते हुए ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोली के माध्यम से विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को दर्शाया जाएगा। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों को एक साथ जोड़कर वास्तविक जीवन से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान और समस्या-विवरणी प्राप्त की जाएंगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में BJP का 'मास्टरस्ट्रोक': हारी हुई 23 सीटों पर गांव-गांव रात बिताएंगे CM धामी और दिग्गज नेता

सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए ‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत जनप्रतिनिधियों के साथ सेवा विषय पर गहन चर्चा की जाएगी। इस पूरे अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो, लाभार्थियों के व्यक्तिगत अनुभव और जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की वास्तविक कहानियों को मीडिया के माध्यम से जनता के बीच व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में पूरा देश विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध है। इस संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को हर जिले में बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा, जहाँ जिलों के प्रभारी मंत्री खुद मौजूद रहकर अभियानों की कमान संभालेंगे। इस प्रेस वार्ता के अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।