माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराकर लौटे उत्तराखंड के दो नन्हे जांबाज, CM धामी ने थपथपाई पीठ

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराने वाले उत्तराखंड के दो बाल पर्वतारोहियों मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अल्मोड़ा जिले के चीनाखान निवासी 9 वर्षीय रियांश पंत और नैनीताल के बैलपड़ाव की रहने वाली 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को तंजानिया स्थित 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी का सफल आरोहण किया था। इतनी कम उम्र में इस चुनौतीपूर्ण शिखर को फतह कर दोनों नन्हें जांबाजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: CM धामी से मिले स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, पेंशन और स्मारकों पर मिला बड़ा आश्वासन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों बच्चों के अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि इतनी छोटी उम्र में यह मुकाम हासिल करना उनके असाधारण आत्मविश्वास का परिचायक है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा की यह सफलता उत्तराखंड के अन्य बच्चों और युवाओं को भी साहसिक क्षेत्रों में बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करेगी।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: गढ़ी कैंट में आयोजित 'गोर्खाली तीज उत्सव' में पहुंचे CM धामी, कीं बड़ी घोषणाएँ

सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के बच्चों में प्रतिभा, साहस और क्षमता की कोई कमी नहीं है। राज्य के युवा पर्वतारोहण और साहसिक खेलों में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार ऐसी बाल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराती रहेगी।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के परिजनों से भी बातचीत की और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के बिना इतनी कम उम्र में पर्वतारोहण जैसा साहसिक कीर्तिमान स्थापित करना संभव नहीं था।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में जल संरक्षण पर 2 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू, जल स्रोतों के पुनरुद्धार के लिए जुटे 400 वैज्ञानिक

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रियांश पंत और प्रिशा रावत को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों बाल पर्वतारोही भविष्य में भी इसी तरह नए रिकॉर्ड बनाकर देश और प्रदेश का नाम विश्व पटल पर रोशन करते रहेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad