खटीमा (ऊधम सिंह नगर)।
ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा और अधिवक्ता मलकीत सिंह राणा की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य अधिवक्ता प्रवेश मौर्य की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढिल्लू सिंह राणा, मलकीत सिंह राणा और अधिवक्ता प्रवेश मौर्य तीनों किसी विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों को उल्टी, घबराहट और बेहोशी जैसी शिकायतें होने लगीं। हालत बिगड़ती देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा और अधिवक्ता मलकीत सिंह राणा ने दम तोड़ दिया, जबकि प्रवेश मौर्य की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इस घटना ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई कि जिस स्थान पर तीनों बैठकर शराब पी रहे थे, वहां पानी की बोतल के स्थान पर किसी जहरीले पदार्थ की बोतल भी मिली है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि या तो यह किसी गहरी साजिश का मामला हो सकता है या फिर गंभीर लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। भाजपा नेता की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने संदिग्ध जहरीले पदार्थ की बोतल सहित अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं, इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि राजनीतिक और कानूनी जगत को भी झकझोर कर रख दिया है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।


