उत्तरकाशी के नौगांव-पुरोला मोटरमार्ग पर द्वारासेरी नामे तोक के पास भयानक सड़क हादसा हो गया, जहां नौगांव से पुरोला जा रही एक आल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में अकेले चालक सवार था, जिसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। नौगांव चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि हादसा ग्राम मंजियाली के पास हुआ, जब कार सड़क से फिसलकर खाई में समा गई। मृतक की पहचान विशन सिंह (30 वर्ष) पुत्र सुंदर सिंह, निवासी गढ़ डाबरा तहसील बड़कोट के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद नौगांव चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने कड़ी मशक्कत कर शव को गहरी खाई से बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। यह पहाड़ी मार्ग हमेशा दुर्घटनाओं का शिकार रहता है, जहां तेज रफ्तार, संकरी सड़कें और खाइयों का खतरा बना रहता है। विशन सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें ड्राइविंग की लापरवाही या सड़क की खराब स्थिति की पड़ताल की जा रही है।

