देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के सिलसिले में कुमाऊं के मुख्य द्वार हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। राज्य में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीतिक पटकथा लिखने के लिहाज से उनके इस दौरे को बेहद निर्णायक माना जा रहा है। दो दिनों के इस सघन प्रवास के दौरान भाजपा प्रमुख का पूरा फोकस संगठन को नए सिरे से धार देने और बूथ स्तर तक पकड़ मजबूत करने पर रहेगा।
निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर में हल्द्वानी पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनका औपचारिक स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सीधे रामपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में राज्य के तमाम शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में 2027 के चुनावी समर में जीत का रोडमैप तैयार करने पर मंथन होगा।
प्रदेश कार्यसमिति के बाद नितिन नवीन भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी के साथ अलग से एक महत्वपूर्ण क्लोज-डोर बैठक करेंगे। इसमें वे सांगठनिक ढांचे को सीधे बूथ स्तर तक सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने और आगामी चुनावी चुनौतियों से निपटने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत ‘सेवा संकल्प अभियान’ की समीक्षा बैठक से होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। पार्टी इन कार्यक्रमों के जरिए जमीनी स्तर पर जनसंपर्क को और मजबूत करना चाहती है।
राजनीतिक रूप से दूसरे दिन के दो कार्यक्रम सबसे ज्यादा अहम माने जा रहे हैं। नितिन नवीन हल्द्वानी में एक बड़े पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और उसके बाद सिख गौरव सम्मेलन में शिरकत करेंगे। कुमाऊं क्षेत्र में पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय की प्रभावी आबादी को देखते हुए इन दोनों सम्मेलनों को सीधे वोट बैंक साधने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा केवल सांगठनिक बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने का मास्टरप्लान है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा कैडर और स्थानीय कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।

