एक बार, कई सवाल— पहले ‘एक्शन’, अब ‘एक्सप्लेनेशन’—पुलिस मुख्यालय ने मांगा हिसाब….

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजपुर स्थित रोमियो लेन बार में हुए घटनाक्रम ने तूल पकड़ लिया है। मामले में विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। राजधानी में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चल रही कार्रवाई के बीच इस प्रकरण ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि मामले को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल को निर्देश जारी किए हैं। उन्हें पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट करते हुए 24 घंटे के भीतर विस्तृत और तथ्यात्मक आख्या पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार, राजपुर रोड स्थित इस बार में अचानक भारी पुलिस बल के पहुंचने और कार्रवाई करने के तरीके को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। घटना के दौरान अलग-अलग थानों की पुलिस की एक साथ मौजूदगी ने भी सवाल खड़े किए हैं। यही वजह है कि अब पुलिस मुख्यालय खुद इस पूरे मामले की तह तक जाने की तैयारी में है।
इस घटनाक्रम के बाद यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि उच्च स्तर पर जवाबदेही तय की जा सकती है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुचित कार्रवाई सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल, सभी की निगाहें 24 घंटे के भीतर आने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि राजपुर के इस चर्चित प्रकरण के पीछे असल वजह क्या थी और पुलिस की कार्रवाई कितनी जायज थी।