Kedarnath Heli Booking: मात्र 1 ही घंटे में 30 सितंबर तक के सभी स्लॉट बुक, 15 सितंबर से दोबारा होगी शुरु

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के तहत 15 सितंबर से दोबारा शुरू हो रही केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग को लेकर तीर्थयात्रियों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। सोमवार सुबह 11 बजे जैसे ही आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग विंडो खोली गई, महज एक घंटे के भीतर 30 सितंबर तक की सभी टिकट बुकिंग फुल हो गईं। टिकटों की तात्कालिक बिक्री के कारण देश-विदेश से ऑनलाइन प्रयास कर रहे हजारों श्रद्धालु बुकिंग कराने से वंचित रह गए हैं।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी 'शुद्धिकरण' विवाद पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, CM आवास घेराव पर भाजपा का पलटवार

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने इस संबंध में आधिकारिक आंकड़े जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि 15 से 30 सितंबर तक की यात्रा अवधि के लिए आईआरसीटीसी के माध्यम से की गई ऑनलाइन प्रक्रिया में कुल 2,926 टिकटों की बुकिंग दर्ज की गई है। इन टिकटों के जरिए कुल 8,896 श्रद्धालु केदारनाथ धाम के लिए अपनी हवाई यात्रा सुरक्षित करने में सफल रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में अवैध मदरसों पर बड़ा एक्शन: 17 सील, 452 की जांच, 30 सितंबर तक अंतिम मौका

पहाड़ों में मानसून सीजन और खराब मौसम के चलते सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए 25 जून से केदारनाथ हेली सेवा का संचालन पूरी तरह स्थगित कर दिया गया था। अब नागर विमानन महानिदेशालय से अनुमति मिलने के बाद 15 सितंबर से यात्रा दोबारा शुरू की जा रही है। श्रद्धालु गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से सीधे केदारनाथ धाम के लिए उड़ान भर सकेंगे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में आज से शुरू होने जा रही मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना

चारधाम यात्रा में केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की मांग सबसे अधिक रहती है। कठिन पैदल मार्ग से बचने और समय की बचत के लिए देश-विदेश से आने वाले वरिष्ठ नागरिक और श्रद्धालु हेलीकॉप्टर को प्राथमिकता देते हैं। इसी अत्यधिक मांग के कारण जैसे ही बुकिंग पोर्टल खुलता है, कुछ ही मिनटों में सभी उपलब्ध स्लॉट बुक हो जाते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad