HNB गढ़वाल विवि में CM धामी ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, 2.67 लाख छात्रों के विचारों को सराहा

ख़बर शेयर करें

श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में शिरकत की। ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ विषय पर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश भर के युवाओं के विचार और सुझाव जाने।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास को लेकर विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को राज्य में अभूतपूर्व समर्थन मिला है। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने निबंध और विचारों के माध्यम से अपने सुझाव सरकार तक पहुंचाए हैं। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

यह भी पढ़ें -  ऊधम सिंह नगर में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 10 अवैध भट्टियां ध्वस्त

कार्यक्रम में रुद्रप्रयाग की छात्रा सीमा सेमवाल ने राज्य में पलायन की समस्या पर अपना अनुभव साझा किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और अनुभव के लिए बाहर जाना गलत नहीं है, लेकिन पहाड़ों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाकर रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पौड़ी और देवप्रयाग की छात्राओं ने पहाड़ों में स्वरोजगार और अपनी जड़ों से जुड़े रहने पर बल दिया। वहीं छात्रा तमन्ना के विचार ‘मेरा पहाड़, मेरा रोजगार, पत्थर की छाती पर बनेगा रोजगार’ की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को विपरीत परिस्थितियों को अवसर में बदलना होगा।

यह भी पढ़ें -  मदरसों में आंकड़ों की हेराफेरी पर धामी सरकार का कड़ा रुख, बिना मान्यता चल रहे संस्थानों पर कसेगा शिकंजा

मुख्यमंत्री ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और पीएम नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के गांवों में 500 से अधिक स्मार्ट क्लास चालू किए जा चुके हैं। उन्होंने युवाओं से सिर्फ नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की अपील की।

पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं पर बात करते हुए छात्र मुकेश कुशवाहा ने दूरस्थ गांवों तक हेलीकॉप्टर एंबुलेंस पहुंचाने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने इसे बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के कौशल विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए निरंतर काम कर रही है।

यह भी पढ़ें -  'भारत दर्शन' यात्रा पर जा रहे 68 मेधावी छात्रों से मिले CM धामी, बोले- जीवन में तय करें बड़ा लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, ताकि योग्य युवाओं का हक न मारा जाए।

समारोह में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और नोडल शिक्षक अंकुश को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।