हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री नितिन नवीन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम से ठीक पहले बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बुद्ध पार्क के पास कांग्रेस नेत्री राधा आर्य हाथ में संविधान की किताब लेकर अकेले ही सड़क पर उतर आईं और भाजपा नेता के खिलाफ ‘गो बैक’ के जोरदार नारे लगाए। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राधा आर्य और यूथ कांग्रेस नेता विशाल भोजक को हिरासत में ले लिया।
हल्द्वानी में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के बड़े आयोजन से पहले हुए इस अप्रत्याशित प्रदर्शन और पुलिस एक्शन के बाद पूरे शहर का राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता लंबे समय से हल्द्वानी के रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर लगातार अपना विरोध और आक्रोश दर्ज करा रहे हैं।
ऐसे माहौल में भाजपा के बड़े कार्यक्रम के दिन संविधान की प्रति लेकर सड़क पर उतरना सियासी टकराव को सीधे धरातल पर ले आया। पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित धरपकड़ और कड़े रुख के बाद मौके पर मौजूद अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा बुरी तरह भड़क गया।

