उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गुरूवार को खटीमा पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानियों लोगों द्वारा मुख्यमंत्री धामी का भव्य स्वागत करते हुए उनपर बुलडोजर से फूल बरसाए गए। बताते चलें कि मुख्यमंत्री धामी खटीमा में सैनिक सम्मान समारोह में प्रतिभाग करने और CSD कैंटीन का उद्घाटन करने पहुंचे। इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री धामी के पिता सूबेदार स्व. शेर सिंह धामी जी 6वीं पुण्यतिथि को उपलक्ष में किया गया।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 715.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित CSD कैंटीन का उद्धाटन कर वहां से खरीदारी की और 162.26 लाख रुपये से निर्मित सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री धामी ने बलिदानियों के परिजनों एवं वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने 60 वीर नारियों एवं 80 वीर योद्धाओं को भी सम्मानित किया।। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कैंटीन खुलने से स्थानीय सैनिक परिवारों को बड़ा लाभ मिलेगा। बताते चलें कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सैनिक, पूर्व सैनिक व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत भावुक क्षण है, क्योंकि यह आयोजन उनके पिताजी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि 6 वर्ष पूर्व का यह दिन उनके जीवन का सबसे दुखद दिन था, जब उन्होंने अपने पिता को खो दिया।


