देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मेधावियों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का औपचारिक लोकार्पण भी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता सिद्ध करती है कि कड़े परिश्रम, अनुशासन और संस्कार के बल पर जीवन में हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। यह सम्मान छात्रों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देकर भविष्य की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

विद्या भारती के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संस्थान ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा देकर देश में शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश में सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाया है।

राज्य सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें, जूते-बैग वितरण, मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना, मॉडल कॉलेज, आईटी लैब और छात्रावास निर्माण जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही युवाओं में कौशल विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘कौशलम्’ कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे भारत के वर्तमान और भविष्य हैं। उनके ज्ञान, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व क्षमता के बल पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा और भारत पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित होगा।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर की अध्यक्ष कौशल्या देवी आर्या, विद्या भारती के केंद्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ला, IIT रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री श्यामवीर सिंह सैनी, दिनेश कौशिक, अजीत चौधरी, आदेश सैनी के साथ प्रशासनिक अधिकारियों में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ और उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र नेगी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

