अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी में उत्तराखंड का डंका: CM धामी ने निकिता, काजल और आरती को किया सम्मानित

ख़बर शेयर करें

देहरादून। इंडोनेशिया और रोमानिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करने वाली उत्तराखंड की तीन महिला मुक्केबाजों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पिथौरागढ़ की बॉक्सर निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी ऐतिहासिक सफलताओं के लिए यह सम्मान मिला।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके कोच श्री बृजेंद्र मल्ल और श्री ललित कुँवर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने सभी मुक्केबाजों और प्रशिक्षकों को भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नए कीर्तिमान स्थापित करने की शुभकामनाएं दीं।

इंडोनेशिया के जकार्ता में 3 से 15 जुलाई 2026 तक खेली गई अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में राज्य की दो बेटियों ने रजत पदक अपने नाम किए। इसमें पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की निकिता चंद ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में और मुनस्यारी के भदेली गांव की काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता।

यह भी पढ़ें -  Haridwar: CM धामी ने की हरिद्वार आम महोत्सव में शिरकत, गिनाईं उपलब्धियां

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निकिता चंद की यह लगातार बड़ी कामयाबी है। इससे पहले निकिता वर्ष 2021, 2022 और 2023 की एशियन चैंपियनशिप में हैट्रिक लगाते हुए स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वहीं 65kg वर्ग में रजत जीतने वाली काजल फर्स्वाण वर्तमान में पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। काजल इससे पहले अंडर-19 एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर, अंडर-23 में ब्रॉन्ज और 38वें नेशनल गेम्स-2025 में रजत पदक हासिल कर चुकी हैं।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: DM से मिला नागरिक संगठन, एलिवेटेड रोड और 'सिटी कमेटी' की करी मांग

दूसरी ओर, रोमानिया में 12 से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ के गौड़ीहाट की आरती धारियाल ने 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा लहराया। वर्ष 2024 और 2025 की एलीट महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीत चुकीं आरती भी इस समय पटियाला के राष्ट्रीय कैंप में अभ्यास कर रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर मेडल जीतना एथलीटों के कठोर परिश्रम, उनके प्रशिक्षकों के सही मार्गदर्शन और उनके परिवारों के त्याग का परिणाम है।

यह भी पढ़ें -  Chardham Yatra 2026: 94 दिनों में 45 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बद्रीनाथ में सबसे ज्यादा भीड़

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभावान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय संसाधन उपलब्ध कराने पर निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए उचित मंच और अवसर दिए जाएं, ताकि वे भविष्य में भी देश का नाम रोशन कर सकें।

सम्मान समारोह में खेल विभाग के उच्च अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरंग सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad