उत्तराखंड के मुखिया पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार ऑपरेशन कालनेमि के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में पाखंड, ठगी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में फर्जी पहचान के साथ रहने वालों, छद्म भेषधारियों और अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि के तहत सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य से अब तक कुल 10 बांग्लादेशी नागरिकों को डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि अन्य मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
धर्म या समुदाय को आहत करना लक्ष्य नहीं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि झूठे दस्तावेज़ों, फर्जी पहचान और धर्म की आड़ में कानून का उल्लंघन करने वालों के लिए उत्तराखंड में कोई जगह नहीं है। उन्होंने एक बार फिर यह भी दोहराया कि यह कार्रवाई किसी भी धर्म या समुदाय के विरुद्ध नहीं बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और देवभूमि उत्तराखंड की अस्मिता की रक्षा के संकल्प का ही एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में नियम स्पष्ट हैं और उन्हें सख़्ती से लागू करने का निर्णय अटल है।


