अंकिता हत्याकांड में BJP की अंदरूनी कलह, कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है, कथित VIP के नाम को लेकर उर्मिला सनावर द्वारा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का जिक्र किए जाने के बाद अब सियासत और भी गरमा चुकी है, वहीं सत्तापक्ष के खेमे से निकले बयानों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने का काम कर रहा है। हालांकि, स्थिति यह बन चुकी है कि विपक्ष के घेराव से अधिक नुकसान भाजपा को अपने नेताओं की बयानबाजी दे रही है, हाल में भाजपा के वरिष्ठ नेता और बदरी-केदार मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय के सोशल मीडिया पोस्ट ने पार्टी की मुश्किलें और भी बढ़ा दी हैं।

यह भी पढ़ें -  आशीर्वाद मोदी–शाह का, फिर भी धामी क्यों खटक रहे?

अजेंद्र अजय ने फेसबुक पोस्ट के जरिए आरोपों में घिरे भाजपा नेताओं को नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा देने की सलाह दी है, उन्होंने साफ लिखा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड एक गंभीर विषय है और जनता के मन में किसी तरह की शंका न रहे, इसके लिए आवश्यक हो तो सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन नेताओं पर आरोप लग रहे हैं, उन्हें पार्टी हित और जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए खुद अपना पद छोड़ देना चाहिए और निर्दोष साबित होने के बाद ही किसी पद को स्वीकार करना चाहिए। इतना ही नहीं, अजेंद्र अजय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को भी इस मामले में मीडिया से दूरी बनाए रखने की नसीहत दी है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में मनरेगा बनाम VB-GRAMG, पक्ष-विपक्ष के बीच तीखे तंज की गहमा-गहमी

कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला


वहीं भाजपा के खेमे से उठती इन आवाजों को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि भाजपा जिस अनुसासन और नैतिकता की दुहाई देती है, आज उसी पार्टी के नेता अपनी ही सरकार और नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं। प्रवक्ता दसौनी ने कहा कि अगर भाजपा के नेता पाक-साफ हैं तो उन्हें CBI से इतना डर क्यों ? विपक्षी नेताओं को फंसाने के लिए भाजपा CBI का पूरा इस्तेमाल करती है लेकिन जब अपने नेता घिरते हैं तो जांच से किनारा कर लिया जाता है। कांग्रेस ने दो टूक कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसे न्याय दिलाना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा की चुप्पी और अंदरूनी खींचतान अब कई बड़े सवाल खड़े कर रही है।

यह भी पढ़ें -  इस दिन खोले जाएंगे श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट…जानिए कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त