नैनीताल की सड़कों पर जादू दिखाने वाले बच्चे के मुरीद हुए आनंद महिंद्रा, पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का किया ऐलान

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के नैनीताल की सड़कों पर पर्यटकों को अपनी कला का प्रदर्शन कर पैसा कमाने वाले एक छोटे बच्चे के हुनर के मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा कायल हो गए हैं। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस नन्हे बच्चे का एक वीडियो साझा करते हुए न सिर्फ उसके असाधारण टैलेंट की दिल खोलकर सराहना की, बल्कि उसकी आगे की पढ़ाई और भविष्य को संवारने के लिए मदद की बड़ी पेशकश भी की है।

दरअसल, नैनीताल की सड़कों पर हाथ की सफाई दिखाकर लोगों का मनोरंजन करने वाले इस बच्चे का वीडियो हाल ही में इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसने इस दिग्गज कारोबारी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड पुलिस में बंपर तबादले, 9 IG समेत 18 IPS अफसरों के बदले विभाग; देखें पूरी लिस्ट

सोशल मीडिया पर बच्चे की कला से प्रभावित होकर आनंद महिंद्रा ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि यह बच्चा वास्तव में बहुत टैलेंटेड है। उन्होंने उत्सुकता और चिंता जताते हुए नेटिज़न्स से सवाल पूछा कि क्या यह बच्चा अब भी नैनीताल की सड़कों पर इसी तरह काम कर रहा है, और क्या कोई उन्हें इस बच्चे या इसके माता-पिता से संपर्क करने में मदद कर सकता है।

यह भी पढ़ें -  "अपने आस-पास एक पौधा जरूर रोपें"- बंशीधर तिवारी

आनंद महिंद्रा ने साफ किया कि वे न सिर्फ इस बच्चे की स्कूली शिक्षा का पूरा खर्च उठाने और पढ़ाई में मदद करने के इच्छुक हैं, बल्कि जादू के क्षेत्र में उसकी गहरी रुचि को देखते हुए उसे इस कला में भी आगे बढ़ाना चाहते हैं, ताकि वह भविष्य में दुनिया के बेहतरीन जादूगरों में से एक बन सके।

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन इंटरनेट और सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता के लिए जाने जाते हैं, और जब भी उन्हें देश के किसी कोने से ऐसे अनोखे या छुपे हुए टैलेंट के बारे में पता चलता है, तो वे अक्सर उनकी मदद के लिए आगे आते हैं। नैनीताल के बताए जा रहे इस बच्चे के वायरल वीडियो में वह बहुत ही सफाई से जादू के करतब दिखाकर आने-जाने वाले पर्यटकों का मनोरंजन कर रहा है और उसी से अपना पेट पाल रहा है।